रंगों का यह खूबसूरत त्योहार पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया जा रहा है। होली सिर्फ रंगों का नहीं, बल्कि खुशियों, मेल-जोल और नई शुरुआतों का भी पर्व है। बॉलीवुड में भी इस त्योहार का जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। हर साल सितारे होली के रंग में रंगे नजर आते। इस बार भी कई नए कपल्स के लिए यह त्योहार बेहद खास होने वाला है। इस साल बी-टाउन की कई नई-नवेली जोड़ियां शादी के बाद अपनी पहली होली मना रही हैं। इस सूची में कुछ बड़े और चर्चित नाम शामिल हैं।
कीर्ति सुरेश और एंटनी थाटिलसाउथ भारतीय सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री कीर्ति सुरेश ने 12 दिसंबर, 2024 को अपने बॉयफ्रेंड और व्यवसायी एंटनी थाटिल संग शादी रचाई थी। यह ग्रैंड वेडिंग गोवा में धूमधाम से आयोजित की गई थी। दिलचस्प बात यह है कि कीर्ति और एंटनी पिछले 15 सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे, जिसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते को शादी में बदलने का फैसला किया। एंटनी थाटिल केरल के कोच्चि के निवासी और एक सफल व्यवसायी हैं। वह केरल की एक प्रमुख रिसॉर्ट चेन के मालिक भी हैं। अब शादी के बाद, कीर्ति और एंटनी अपनी पहली होली सेलिब्रेट कर रहे हैं।
सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबालबॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने 23 जून, 2024 को अपने बॉयफ्रेंड और अभिनेता जहीर इकबाल से शादी की थी। दोनों ने धर्म की दीवार तोड़ते हुए ‘स्पेशल मैरिज एक्ट 1954’ के तहत शादी को कानूनी रूप से पंजीकृत कराया। सोनाक्षी और जहीर की प्रेम कहानी बेहद खास है। इनकी पहली मुलाकात सलमान खान द्वारा आयोजित एक पार्टी में हुई थी, जहां से दोनों के बीच दोस्ती और फिर प्यार की शुरुआत हुई। अब शादी के बाद, यह नया जोड़ा अपनी पहली होली मना रहा है, जो उनके लिए यादगार होगा।
अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थबॉलीवुड और साउथ सिनेमा की खूबसूरत अदाकारा अदिति राव हैदरी ने 16 सितंबर, 2024 को अभिनेता सिद्धार्थ संग शादी रचाई थी। यह शुभ विवाह तेलंगाना के वानापर्थी जिले के श्रीरंगपुर स्थित श्री रंगनायकस्वामी मंदिर में संपन्न हुआ था, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। इसके बाद 7 नवंबर, 2024 को अदिति और सिद्धार्थ ने राजस्थान के बिशनगढ़ स्थित अलीला किले में दोबारा शादी रचाई, जिससे यह जोड़ा फिर से सुर्खियों में आ गया था। अब, शादी के बाद यह उनकी पहली होली है, जो उनके रिश्ते में और भी रंग और खुशियां जोड़ने वाली है।
नागा चैतन्य और शोभिता धुलिपालानागा चैतन्य और शोभिता धुलिपाला के लिए यह होली बेहद खास है, क्योंकि यह उनकी शादी के बाद पहली होली है। लगभग तीन साल तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद, दोनों ने 4 दिसंबर, 2024 को अपने परिवार और करीबी दोस्तों की मौजूदगी में हैदराबाद के अन्नपूर्णा स्टूडियो में सात फेरे लिए थे। इस स्टूडियो की स्थापना नागा चैतन्य के दादा और दिग्गज अभिनेता-निर्माता अक्किनेनी नागेश्वर राव ने की थी। अब शादी के बाद, होली का त्योहार इस नए जोड़े के रिश्ते को और भी रंगीन और यादगार बनाने वाला है।
प्रतीक बब्बर और प्रिया बनर्जीबॉलीवुड अभिनेता प्रतीक बब्बर ने इस साल वैलेंटाइन डे के खास मौके पर अपनी मंगेतर प्रिया बनर्जी संग शादी रचाई। यह इंटीमेट वेडिंग मुंबई के बांद्रा में हुई, जिसमें सिर्फ करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। अब शादी के बाद, प्रतीक और प्रिया अपनी पहली होली मना रहे हैं, जो उनके लिए बेहद खास होने वाली है। बता दें कि प्रतीक और प्रिया की सगाई नवंबर, 2023 में हुई थी। इसी साल अभिनेता ने अपनी पहली पत्नी, फिल्म निर्माता सान्या सागर से तलाक लिया था। प्रतीक और सान्या की शादी साल 2019 में हुई थी।
ये सितारे भी मना रहे हैं शादी के बाद पहली होलीगोविंदा की भांजी और अभिनेत्री आरती सिंह ने 25 अप्रैल, 2024 को बिजनेसमैन दीपक चौहान संग सात फेरे लिए थे। इसके अलावा टेलीविजन एक्ट्रेस सुरभि ज्योति और अभिनेता सुमित सूरी भी 27 अक्टूबर, 2024 को शादी के बंधन में बंधे थे। जानी-मानी यूट्यूबर और अभिनेत्री प्राजक्ता कोली ने 25 फरवरी, 2025 को अपने मंगेतर वृषांक खनल संग शादी रचाई। ये सभी नए जोड़े भी इस साल अपनी पहली होली का जश्न मना रहे हैं, जो उनके लिए बेहद खास और यादगार होने वाला है।