जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय द्वारा आयोजित 25वीं रामार्चा पूजा गुरुवार को विधि-विधान से संपन्न हो गई. जमशेदपुर के बिष्टुपुर में आयोजित इस पूजन कार्य को पांच विद्वान ब्राह्मणों ने संपूर्ण कराया. पूजा में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी सम्मिलित हुए. टाटा स्टील के वाइस प्रेसीडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रमण, कॉरपोरेट सर्विस के चीफ प्रणय सिन्हा और टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट के प्रमुख अमित सिंह पूजा स्थल पर आए और अपनी शुभकामनाएं दीं. कांग्रेस नेता रामाश्रय प्रसाद सिंह, भाजपा के अनेक वरीय नेता भी पूजा स्थल पर पहुंचे और श्री राय को अपनी शुभकामनाएं दी. अब शुक्रवार की सुबह 8 बजे से रुद्राभिषेक होगा और बिष्टुपुर के मिलानी हॉल में महाप्रसाद का वितरण होगा जो रात्रि 11 बजे तक चलेगा. गुरुवार को रामार्चा पूजा की शुरुआत शांति पाठ से हुई. शांति पाठ के बाद संकल्प कराया गया. फिर विधिवत पूजा की शुरुआत हुई. यह पूजा चार आवरणों में संपन्न हुई. सबसे पहले कलश स्थापना की गई. इसके बाद पूजन हुआ. फिर रक्षा विधान के पश्चात यंत्रस्थ प्रथम आवरण के सभी देवताओं का पूजन हुआ.

प्रथम आवरण में प्रथम पूजा माता माहेश्वरी की एवं अंतिम पूजा भगवान महादेव की हुई. प्रथम आवरण में गणेश जी, महाशक्ति, महालक्ष्मी, महादुर्गा, मां गायत्री, मां सावित्री, मां सरस्वती, सर्वमात्री सहित सिद्धि देवी, बुद्धिदेवी, लोकमात्री, महादेवी, देवमात्री, वास्तुदेवता, लोकपाल, मनु, वशिष्ट जी, अधिप्रत्यधि देवता, नौग्रह देवता, ब्राह्मण देवता, दस दिगपाल सहित सभी देवताओं का पूजन संपन्न हुआ. इसके पश्चात आरती और तत्पश्चात विश्राम हुआ. द्वितीय आवरण में अयोध्या जी से शुरु करके अष्टमंत्री तक की पूजा संपन्न हुई. द्वितीय आवरण के देवताओं में श्री सरयू जी, गंगादेवी, भूशक्ति, बह्नीबीज, श्री केसरी जी, श्री सुशैण जी, श्री रीक्षराज जाम्बवंत जी, श्री अंगद जी, वानर राज सुग्रीव जी महाराज, विमलादिशक्ति, श्री विभीषण जी की पूजा संपन्न हुई. बाद में आरती और पुष्पांजलि भी हुई. तृतीय आवरण में सप्तनीक दशरथ जी, सपत्नीत लक्ष्मण जी, सपत्नीक श्री भरत जी, सप्तनीक शत्रुघ्न जी और वीर श्री हनुमान जी का पूजन हुआ। चतुर्थ आवरण में भगवान श्रीराम चंद्र जी की (सपत्नीक) पूजा राजास्वरुप में हुई. महामंत्र हरे राम हरे राम, राम राम हरे हरे, हरि कृष्ण हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे का कीर्तन हुआ.
बेगूसराय से पधारे गौरीशंकर ठाकुर के निर्देशन में सर्वश्री विनोद पांडेय, धनजी पांडेय, धीरज पांडेय, घनश्याम मिश्रा आदि ने पूजा कराई. पूजा के प्रमुख यजमान विधायक सरयू राय थे. सहायक यजमानों में श्रीमती आकांक्षा नायर, अंशुल शरण, धर्मेंद्र तिवारी, सुनीता राय एवं पारुल सिंह आदि शामिल थे. पूजा में शामिल हुए श्रद्धालुओं को साबुदाने की टिकिया, साबुदाने की खीर आदि प्रसाद में दिये गए. साबुदाने की टिकिया को नमक रहित बनाया गया था. चाय की भी निरंतर व्यवस्था थी। आने-जाने वाले राहगीरों को भी चाय दी गई. इस आयोजन के कर्ताधर्ता आशुतोष राय ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर साढ़े 12 बजे से महाप्रसाद की व्यवस्था मिलानी हॉल में की गई है. यहां श्रद्धालुओं को महाप्रसाद के रुप में हाथीकान पूड़ी, सब्जी, बुंदिया और चटनी परोसी जाएगी. उन्होंने बताया कि इस पूजा में पड़ोसी जिले ही नहीं वरन पूरे राज्य भर के लोग आते हैं. बिहार और उत्तर प्रदेश से भी लोग आएंगे.