यदि मकान किराए पर दे रहे हैं तो कब्जा माफियाओं से हो जाइए सावधान।
यदि आप भी राजधानी दिल्ली में किसी मकान के मालिक हैं। और आप अपना मकान यदि किराए पर देने के इच्छुक हैं। तो यह खबर आपके लिए है। कब्जा माफिया आपके मकान को हथियाने का प्रयास कर सकते हैं। ताजा मामला दिल्ली के थाना कृष्णा नगर इलाके का है। जहां मनोज गोयल नाम के व्यक्ति ने सन 2012 में एक मकान खरीदा था। जिस समय उन्होंने यह मकान खरीदा था उस समय किराएदार के रूप में सुशील जायसवाल नाम के व्यक्ति ने उस मकान के बाहर की तरफ एक कमरा किराए पर ले रखा था। मनोज गोयल को उन्होंने कहा कि आप बेफिक्र होकर यह मकान खरीद लीजिए जब भी आप यह मकान बनवाएंगे हम उसी समय इस कमरे को खाली कर देंगे। धीरे-धीरे समय बीतता चला गया। जनवरी 2025 में मनोज गोयल ने अपने मकान को बनवाना चाहा। लेकिन जब उन्होंने सुशील जायसवाल से मकान खाली करने को कहा। इस बात पर वह आग बबूला हो उठा। और उस किराए के कमरे पर अपना हक जताने लगा। इतना ही नहीं पीड़ित मनोज गोयल का कहना है कि पुलिस की मिली भगत से सुशील जायसवाल व उसके बेटे पंकज और संजीव जायसवाल ने उनके मकान पर कब्जा कर लिया और मनोज गोयल जो कि मकान मालिक हैं उन्हीं के खिलाफ चोरी की झूठी एफआईआर भी दर्ज करवा दी। इस समय मनोज गोयल अदालत के चक्कर काटते अपनी जमानत करवाने में लगे हुए हैं। और आरोपी सुशील जायसवाल उनके मकान पर कब्जा करके बैठा हुआ है। मनोज गोयल का कहना है कि मेरे पास मकान के सभी दस्तावेज मौजूद है जबकि आरोपी सुशील जायसवाल के पास इस संपत्ति का किसी प्रकार का कोई कागज नहीं है। उसने जालसाजी से केवल बिजली का मीटर लगवा रखा है। लेकिन थाना कृष्णा नगर पुलिस भी आरोपी सुशील जायसवाल के पक्ष में काम कर रही है। और तो और जांच करने पर पता चला कि सुशील जायसवाल ने मनोज गोयल की संपत्ति पर कब्जा करने से पहले एक मंदिर की संपत्ति पर भी कब्जा किया हुआ है। मनोज गोयल के मकान के बगल में ही एक मंदिर है उस मंदिर के एक हिस्से को सुशील जायसवाल ने कब्जा कर लिया है। मंदिर की देखभाल करने वाली महिला ने बताया कि पुलिस की मौजूदगी में और पुलिस की मिली भगत से सुशील जायसवाल ने कब्जा किया हुआ है फिलहाल उनका मामला अदालत में विचाराधीन है।