जगदलपुर: दुर्ग नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर अलका बाघमार ने आज महापौर पद की शपथ ली। इसके साथ ही सभी 60 वार्डों से जीते पार्षदों ने भी शपथ ली। प्रदेश के गृह मंत्री और डिप्टी सीएम विजय शर्मा की मौजूदगी में दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने सभी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अगले पांच साल तक दुर्ग शहर की सरकार की बागडोर अब अलका बाघमार के हाथों में रहेगी। नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद आज दुर्ग निगम परिसर में शपथ समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के डिप्टी सीएम और गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उनकी मौजूदगी में दुर्ग कलेक्टर ने नवनिर्वाचित अलका बाघमार को दुर्ग नगर निगम के महापौर पद की शपथ दिलाई। इसके बाद चुनाव जीतने वाले सभी 60 पार्षदों को भी शपथ दिलाई गई।
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने महापौर अलका बाघमार और सभी वार्डों के पार्षदों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि अब दुर्ग शहर का विकास तेज गति से हो सकेगा। वहीं दुर्ग नगर निगम की महापौर अलका बाघमार ने कहा कि आने वाले दिनों में पानी की समस्या फिर से शुरू हो जाएगी। इसलिए उनकी पहली प्राथमिकता दुर्ग शहर में पानी की समस्या का समाधान और साफ-सफाई करना होगी।
जगदलपुर में महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह
जगदलपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में नगर निगम जगदलपुर के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर जगदलपुर के प्रांगण में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर हरिस एस ने महापौर और पार्षदों को शपथ दिलाई।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव की मौजूदगी में महापौर संजय पांडे ने शपथ ली, इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को बधाई दी और विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित महापौर और पार्षद अटल विश्वास पत्र में किए गए हर वादे को पूरा करेंगे और जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधा संपन्न शहर बनाने की दिशा में दृढ़ संकल्प के साथ काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जगदलपुर शहर के विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी। इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि पिछले 15 माह में राज्य सरकार ने प्रदेश के नगरीय निकायों में 7500 करोड़ रुपए से अधिक की राशि से विकास कार्य किए हैं। वहीं जगदलपुर शहर के लिए 82 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से अधोसंरचना का विकास किया जा रहा है।
आने वाले दिनों में जगदलपुर की आगामी 50 वर्षों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहर के समग्र विकास की दिशा में हम सब मिलकर पहल करेंगे। इस दौरान सांसद बस्तर महेश कश्यप और विधायक जगदलपुर किरण देव ने भी संबोधित किया और जगदलपुर शहर के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव पहल करने का संकल्प व्यक्त किया। शपथ ग्रहण समारोह के बाद महापौर संजय पांडे ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विशिष्ट अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
समारोह में विधायक चित्रकूट विनायक गोयल, विधायक केशकाल नीलकंठ टीकम, विधायक दंतेवाड़ा चैतराम अटामी, बस्तर राजपरिवार के कमलचंद्र भंजदेव सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह के अंत में महापौर संजय पाण्डेय ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
धमतरी में महापौर रामू रोहरा ने ली शपथ
धमतरी नगर निगम चुनाव परिणाम घोषित होने के 8 दिन बाद आज शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। महापौर रामू रोहरा एवं सभी 40 वार्ड पार्षदों ने अपने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। धमतरी कलेक्टर नम्रता गांधी ने महापौर सहित सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। कार्यक्रम का आयोजन धमतरी के इनडोर स्टेडियम में किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, महासमुंद सांसद रूप कुमारी चौधरी, कुरुद विधायक अजय चंद्राकर सहित भाजपा के तमाम नेता, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शपथ लेने के बाद महापौर रामू रोहरा नगर निगम पहुंचे और विधि विधान से पूजा अर्चना कर नगर निगम कार्यालय में प्रवेश किया। जिसके बाद उन्होंने कार्यभार ग्रहण किया। मीडिया से चर्चा के दौरान नवनियुक्त महापौर रामू रोहरा ने कहा कि उनका एकमात्र मुद्दा शहर का विकास है और वे शहर के विकास के लिए रणनीति बनाकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि शहर के सभी 40 वार्डों में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे।प्रभारी मंत्री ने कहा कि अब चौपाल इंजन की सरकार बन गई है और अब शहर से लेकर गांवों तक चहुंमुखी विकास होगा।