अररिया। हरियाणा से तीन साल पहले अपहृत 19 वर्षीया युवती को फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भागकोहलिया से शनिवार को सकुशल बरामद कर लिया गया है, जबकि आरोपित अपहर्ता मौके से भागने में सफल रहा। अपहृता की बरामदगी के बाद हरियाणा पुलिस उसे अपने साथ लेकर वापस चली गई। छापेमारी के दौरान हरियाणा के ताबडू थाना की एएसआई कुक्कू राम,दारोगा राजनंदिनी सिन्हा सहित पुलिस बल मौजूद थे। मामले की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि साल 2021 के मार्च महीने में हरियाणा के नूह जिलांतर्गत ताबडू थाना के सहसोलपट्टी के मो.इस्सरबासी निवासी की 19 वर्षीया पुत्री का अपहरण फारबिसगंज थाना क्षेत्र के भागकोहलिया पंचायत क्षेत्र के चौरा परवाहा निवासी मो. हफाज के पुत्र महफूज के द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इसे लेकर हरियाणा के संबंधित थाना में अपहरण मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी, जिसके आलोक में हरियाणा से पहुंची पुलिस एवं स्थानीय थाना के पुलिस पदाधिकारी के संयुक्त छापेमारी में अपहृता को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि आरोपित युवक फरार हो गया। उन्होंने अपहृता को हरियाणा पुलिस को सौंपने की जानकारी देते हुए आरोपित अपहर्ता को गिरफ्तार करने की बात कही। बताया गया कि आरोपित युवक हरियाणा के संबंधित थाना क्षेत्र में मजदूरी करता था।